बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है. पहले बजट सत्र 28 मार्च तक चलना था, लेकिन ईद के त्योहार के कारण कार्यवाही एक दिन कम कर दी गई थी. आज आखिरी दिन के सत्र में शामिल होने के लिए सीएम नीतीश कुमार विधानसभा पहुंचे हैं. सदन के बाहर सीएम ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया.
इससे पहले बुधवार को विधानसभा के बाहर फोटो सेशन का आयोजन किया गया था, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्य शामिल हुए और एक साथ बैठकर फोटो शूट करवाया. सदन की कार्यवाही के दौरान स्पीकर नंद किशोर यादव ने घोषणा की थी कि 28 मार्च को सदन की कार्यवाही नहीं होगी. रमजान के आखिरी शुक्रवार के कारण यह फैसला लिया गया है.
इससे पहले विपक्ष ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की थी. विपक्षी सदस्यों ने सदन के बाहर और अंदर हंगामा किया था. विधायकों ने इसे काला कानून बताते हुए कहा कि संसद में लाए गए वक्फ संशोधन विधेयक के जरिए पूरे देश को आग में झोंकने की कोशिश की जा रही है।