BIHAR NEWS

डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के इलाके में जमकर फायरिंग, मामूली विवाद में जमकर चली राइफल और पिस्टल; जानिए पूरी बात

|
Published On: December 13, 2023

बिहार में अपराधियों का तांडव जारी है. राज्य में शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो जब हत्या, लूट, छिनतई और गोलीबारी की खबरें सामने न आती हों. इसी कड़ी में अब एक ताजा मामला तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर से सामने आ रहा है. जहां फायरिंग की घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला राघोपुर के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के दसरसिया दियारा इलाके का है. जहां मंगलवार की शाम करीब पांच बजे जमीन मापी को लेकर गौरीशंकर राय और अमरनाथ राय के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते गौरी शंकर राय के परिवार वालों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. सौभाग्य से इस गोलीबारी की घटना में किसी को गोली नहीं लगी.

बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर राइफल और पिस्तौल से गोलियां चलाई गईं. जहां जमीन पर कब्जा करने के लिए एक पक्ष की ओर से कई राउंड फायरिंग की गई है. फायरिंग करते हुए इसका वीडियो दूसरे पक्ष के लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सामने आया है. हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को आवेदन नहीं दिया गया है.

इस मामले में एक पक्ष का कहना है कि गौरीशंकर राय ने दियारा इलाके की करीब 50 कट्ठा जमीन, जो सरकारी है, पर कब्जा कर लिया है. अब वह मेरी जमीन पर भी दखल करना चाहता है. हम माप कर पिलर लगाना चाहते हैं लेकिन गौरी शंकर राय तैयार नहीं हैं. दो-तीन दिनों से मापी का काम चल रहा है, लेकिन हमारी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है. अमरनाथ राय ने यह भी बताया कि गौरीशंकर राय अपने पूरे परिवार के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे. हथियार पहले से ही खेत में छिपा कर रखा गया था. विवाद होते ही उसने रायफल व पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।

 

वहीं इस मामले में रुस्तमपुर थाना प्रभारी प्रभुनाथ यादव ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिली है. हम मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ. लिखित आवेदन भी नहीं दिया गया है. अगर किसी पक्ष की ओर से कोई आवेदन आता है तो हम प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करेंगे.

aurangabad bihar news, bihar news today

Leave a Comment