DESK: Amazon अपने प्राइम वीडियो यूजर्स को बड़ा झटका देने जा रहा है। OTT प्लेटफॉर्म नए साल में डिवाइस लिमिट कम करने जा रहा है। कंपनी Amazon Prime यूजर्स को बिना किसी अतिरिक्त चार्ज के प्राइम वीडियो और प्राइम म्यूजिक का सब्सक्रिप्शन देती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक Amazon Prime Video यूजर्स अब अपने पासवर्ड को अपने दोस्तों के साथ शेयर नहीं कर पाएंगे, क्योंकि कंपनी डिवाइस लिमिट कम करने जा रही है।
जानकारी के मुताबिक Amazon Prime Video यूजर्स भी अब पहले के मुकाबले कम डिवाइस में एक साथ लॉग इन कर पाएंगे। Amazon ने डिवाइस लिमिट आधी करने का फैसला किया है। फिलहाल Amazon Prime Video यूजर्स एक साथ 10 डिवाइस पर OTT प्लेटफॉर्म एक्सेस कर सकते हैं। आने वाले समय में इसकी लिमिट घटाकर 5 कर दी जाएगी। इसके अलावा यूजर्स सिर्फ दो स्मार्ट टीवी पर ही प्राइम वीडियो ऐप में लॉग इन कर पाएंगे।
इसके अलावा दूसरे OTT ऐप की तरह ही यूजर्स जब चाहें अपने डिवाइस को मैनेज कर पाएंगे। यूजर उन डिवाइस से लॉग आउट कर सकेंगे, जिनमें लॉग इन की जरूरत नहीं है। इससे पहले अमेजन प्राइम वीडियो के प्रतिद्वंद्वी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने भारत में पासवर्ड शेयरिंग को खत्म कर दिया था। अब नेटफ्लिक्स यूजर्स को एक से ज्यादा डिवाइस में लॉग इन करने के लिए एक अस्थायी कोड की जरूरत होगी। यूजर सिर्फ होम वाई-फाई नेटवर्क से कनेक्टेड डिवाइस पर ही नेटफ्लिक्स एक्सेस कर पाएंगे।
Amazon Prime का सालाना सब्सक्रिप्शन 1,499 रुपये में आता है। इसमें यूजर्स को टीवी और मोबाइल दोनों डिवाइस पर प्राइम वीडियो का एक्सेस मिलता है। वहीं, एक महीने का सब्सक्रिप्शन 299 रुपये और तीन महीने का सब्सक्रिप्शन 599 रुपये में मिलता है। इसके अलावा अमेजन ने प्राइम वीडियो के मोबाइल एडिशन के साथ एक प्लान भी लॉन्च किया है, जिसमें यूजर सिर्फ अपने स्मार्टफोन पर ही अमेजन प्राइम वीडियो एक्सेस कर सकते हैं।